शामली विधानसभा सीट से रालोद टिकट की दावेदारी तेज, गांव नाला में पंचायत कर बिजेंद्र प्रधान ने मांगा समर्थन

 

कांधला। शामली विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के टिकट पर दावेदारी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रविवार को गांव नाला में बिजेंद्र प्रधान के समर्थन में पंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव में रालोद से टिकट की दावेदारी के लिए समर्थन मांगा।

पंचायत का आयोजन रालोद के सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद पंवार के आवास पर हुआ। इस दौरान बिजेंद्र प्रधान ने अपनी राजनीतिक सक्रियता और पार्टी के प्रति लंबे समय से जुड़ाव का हवाला देते हुए ग्रामीणों के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े हुए हैं और पार्टी कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूत करने के साथ ही पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करते आ रहे हैं।

बिजेंद्र प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और ग्रामीणों के हितों की आवाज उठाती रही है। पार्टी चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें मौका देता है तो वह क्षेत्र के विकास, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और गांवों की बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देंगे। साथ ही पार्टी संगठन के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाने और जनता के बीच रहकर काम करने का प्रयास करेंगे।

पंचायत में जिला पंचायत सदस्य अरविन्द पंवार, देसराज, गुलाब मुखिया, महेश पंवार, रामतीर्थ शर्मा, परमिंदर निर्वाल, महिपाल प्रधान, सहदेव, जय कुमार, यशवीर, दुष्यंत शर्मा, नरेन्द्र प्रधान, ओम सिंह, इरफान तुर्की और रशीद सहित अनेक ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!