
विरासत के हक से लेकर बच्चों की परवरिश तक, महिलाओं को दी गईं अहम नसीहतें
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला घर-परिवार को बेहतर बनाने और समाज में फैली बुराइयों को जड़ से खत्म करने के लिए कस्बे के मोहल्ला गुजरान में महिलाओं के लिए विशेष इस्लाही एवं तरबियती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जमीयत उलमा शहर कांधला के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को दीनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया। साथ ही परिवार, बच्चों की परवरिश और सामाजिक सुधार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से नसीहत की गई।कार्यक्रम हजरत मौलाना मोहम्मद आकिल साहब की सरपरस्ती में आयोजित हुआ। मौलाना आकिल साहब जमीयत उलमा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सदर, जामिया बदरुल उलूम गढ़ी दौलत कांधला के मुहतमिम और दारुल उलूम देवबंद की शूरा के सदस्य हैं।इस मौके पर जामिया बदरुल उलूम के उस्ताद मुफ्ती जावेद साहब और मस्जिद ताहिर अली शाह के इमाम एवं खतीब मौलाना कलीम साहब ने महिलाओं को संबोधित किया।मुफ्ती जावेद साहब ने अपने बयान में समाज में मौजूद उन बुराइयों की ओर ध्यान दिलाया, जिनका असर घरों और परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने विरासत में महिलाओं के शरई हक, पाकी-सफाई और तहारत के जरूरी मसाइल तथा शादी-ब्याह में होने वाली गैरशरई रस्मों पर विस्तार से रहनुमाई की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने दीनी अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे खुद भी सही रास्ते पर चलें और अपने परिवार को भी दीनी तालीमात से जोड़ सकें।उन्होंने बच्चों की परवरिश को सबसे अहम जिम्मेदारियों में शामिल बताते हुए वालिदैन से अपील की कि वे बच्चों को सिर्फ दुनियावी शिक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उनकी दीनी और अखलाकी तरबियत पर भी विशेष ध्यान दें। बच्चों को नियमित रूप से मकातिब में भेजने की भी तरगीब दी गई।मौलाना कलीम साहब ने अपने संबोधन में घरेलू जिंदगी को इस्लामी तालीमात के अनुसार गुजारने, आपसी मोहब्बत और अच्छे अखलाक को बढ़ावा देने तथा नई पीढ़ी को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने की जरूरत पर रोशनी डाली।कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि समाज की तस्वीर बदलने के लिए घरों का माहौल सुधारना बेहद जरूरी है। महिलाओं की दीनी जागरूकता, बच्चों की बेहतर परवरिश और गैरजरूरी रस्मों से दूरी समाज को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।कार्यक्रम के आखिर में कांधला के दूसरे मोहल्लों में भी इस तरह के इस्लाही और तरबियती कार्यक्रम आयोजित करने की जरूरत बताई गई, ताकि समाज के हर तबके तक सुधार का संदेश पहुंचे और घर-परिवारों में दीनी शऊर को बढ़ावा मिल सके।