पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह ने किया खेल महोत्सव का शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

 

कांधला कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड स्थित द गोल्ड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का धूमधाम और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। खेल महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चौधरी वीरेंद्र सिंह (पूर्व कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं वर्तमान एमएलसी) ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख कांधला चौधरी विनोद मलिक मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक कृष्णपाल सिंह एवं प्रधानाचार्य अजय कुमार ने मुख्य अतिथि को बुके भेंट कर और पटका पहनाकर सम्मानित किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य अजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से बच्चों का केवल शारीरिक विकास ही नहीं होता, बल्कि उनका मानसिक विकास भी होता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि खेल जीवन में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं।दो दिवसीय खेल महोत्सव को लेकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले और साथी विद्यार्थियों की उत्साहवर्धक तालियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का माहौल खेल भावना और उत्साह से सराबोर नजर आया।इस मौके पर प्रबंधक कृष्णपाल सिंह, प्रधानाचार्य अजय कुमार, कोऑर्डिनेटर श्रीमती अनुराधा शर्मा, समस्त स्कूल स्टाफ एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

error: Content is protected !!