
महिला को लहूलुहान कर किया बेहोश, बचाव में आए पड़ोसी की हड्डी तोड़ी, छह के खिलाफ मुकदमा
कांधला कस्बे की राज गार्डन कॉलोनी में गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घर के बाहर खड़े युवक से कहासुनी के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में महिला का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी का हाथ टूट गया। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।राज गार्डन कॉलोनी निवासी अनीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब आठ बजे उनका बेटा सुहैल घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस के सादिक, सावेज, राशिद, प्रवेज समेत दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।आरोप है कि जान बचाने के लिए सुहैल घर के अंदर चला गया, लेकिन हमलावरों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। आरोपी अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ घर में घुस आए और अनीश, उनकी पत्नी शबाना तथा बेटे सुहैल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में शबाना का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।शोर-शराबा सुनकर बचाव के लिए पहुंचे पड़ोसी रिहान को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। उसके साथ मारपीट कर हाथ तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर शनिवार को जानलेवा हमले सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।