
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो महिलाओं समेत चार गंभीर घायल,
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव आल्दी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मेरठ के रशीद नगर निवासी शहजाद पुत्र शहीद अपनी बाइक पर सवार होकर कैराना से मेरठ जा रहा था। जैसे ही वह कांधला थाना क्षेत्र के गांव आल्दी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।दूसरी बाइक पर शामली जनपद के गांव कसेरवा कला निवासी खुर्शीद पुत्र सकरुद्दीन अपनी पत्नी कुराशा और बेटी सानिया के साथ सवार था। बताया गया कि खुर्शीद अपनी पत्नी और बेटी के साथ पानीपत में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि घायलों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।