
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालक घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के रेलवे मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर दोनों को छुट्टी दे दी गई।जानकारी के अनुसार, गांव नाला निवासी शुभम बाइक से कांधला से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह छोटी और बड़ी नहर के बीच रेलवे मार्ग पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी घायल पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।