
फरार फिरोज खान को पुलिस का अल्टीमेटम! न्यायालय में पेश हो, वरना कुर्क होगी संपत्ति
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। गो-तस्करी के मामले में फरार चल रहे फिरोज खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कुशीनगर जनपद की सेवरही थाना पुलिस ने सोमवार को कांधला पहुंचकर आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। अब आरोपी के सामने न्यायालय में पेश होने का रास्ता है, वरना उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है।जानकारी के अनुसार, कांधला कस्बे के रहने वाले फिरोज खान पुत्र फारुक खान के खिलाफ कुशीनगर जनपद के थाना सेवरही में गो-तस्करी से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी काफी समय से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय में कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया और न्यायालय से कुर्की संबंधी आदेश प्राप्त किया।सोमवार को सेवरही थाने की पुलिस टीम पुलिसकर्मी राहुल कुमार के नेतृत्व में कांधला पहुंची। यहां टीम ने आरोपी फिरोज खान के मकान के मुख्य दरवाजे पर न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की का नोटिस चस्पा किया। नोटिस के माध्यम से आरोपी को निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिसकर्मी राहुल कुमार ने बताया कि फिरोज खान के खिलाफ सेवरही थाने में गो-तस्करी के मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश के तहत उसके घर पर नोटिस चस्पा किया गया है। यदि आरोपी निर्धारित समय में न्यायालय के समक्ष पेश नहीं होता है तो उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कांधला थाना पुलिस भी मौजूद रही। सेवरही पुलिस ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की और उन्हें भी आरोपी को न्यायालय में पेश कराने के निर्देश दिए।