
आवारा कुत्ता बना हादसे की वजह, डिवाइडर से टकराकर सड़क पर गिरा बाइक सवार युवक, गंभीर घायल
कांधला कस्बे के बाईपास कट के समीप अचानक बाइक के सामने आवारा कुत्ता आ जाने से बड़ा हादसा हो गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था।
जानकारी के अनुसार जनपद बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी शेखर बाइक पर सवार होकर किसी काम से कांधला आ रहा था। जैसे ही वह कस्बे के बाईपास कट के समीप पहुंचा, तभी अचानक उसकी बाइक के सामने आवारा कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर जा गिरी। हादसे में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को कांधला स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।