
सड़क सुरक्षा पर पोस्टर प्रतियोगिता में तरन्नुम ने मारी बाजी, आरती-बुशरा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पोस्टरों के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘सड़क सुरक्षा में यातायात संकेत’ रखा गया था। इसमें छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर यातायात संकेतों की उपयोगिता, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से दर्शाया।छात्राओं ने अपने पोस्टरों के जरिए संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सड़क पर लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक रहने की अपील भी की।प्रतियोगिता में प्रस्तुत पोस्टरों का मूल्यांकन प्रो. बृज भूषण, डॉ. ब्रिजेश कुमार राठी, डॉ. लक्ष्मी गौतम एवं डॉ. अंकिता त्यागी ने किया। निर्णायक मंडल ने छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा, विषय की समझ और जागरूकता संदेश को आधार बनाकर परिणाम घोषित किए।प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा तरन्नुम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीए द्वितीय वर्ष की आरती और बीएससी प्रथम वर्ष की बुशरा ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा बीए द्वितीय वर्ष की अरशी एवं सानिया तथा बीकॉम तृतीय वर्ष की नाजिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्याम बाबू द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।