रालोद की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, मुकुल वाल्मीकि को मिली बड़ी जिम्मेदारी

 

विधायक प्रसन्न चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का किया आह्वान

 

कांधला,। कस्बे के मोहल्ला माजरा में रविवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी/एसटी) प्रकोष्ठ की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विपिन गहलोत ने किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामली सदर विधायक प्रसन्न चौधरी शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रसन्न चौधरी, प्रबुद्ध कुमार, राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र खजूरी, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार और वाजिद अली ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रालोद आज सत्ता में है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने तथा संगठन की नीतियों और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।इस दौरान मोहल्ला माजरा निवासी मुकुल वाल्मीकि को संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष दीपक गौतम ने उन्हें सर्वसम्मति से क्षेत्रीय सचिव नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही मौजूद कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया और बधाई दी।

कार्यक्रम में सनी प्रधान, रोहतास, पंडित जी, भूरा, विनोद सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!