घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, महिला समेत पांच घायल, चार आरोपितों पर मुकदमा दर्ज
कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला में घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव नाला निवासी बिट्टू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर के सामने बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव निवासी विकास, नीरज, सौरभ और रोहित हाथों में लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें बिट्टू पक्ष के सुनील, ऋषिपाल, आदित्य, रवि और कुसुम घायल हो गए। घटना के बाद घायलों ने अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया और पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
