
200 रुपये के विवाद ने पकड़ा तूल, महिला से मारपीट; गंभीर हालत में मुजफ्फरनगर रेफर
कांधला। महज 200 रुपये का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। थाना क्षेत्र के गांव जिड़ाना में एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने ही जेठ और भतीजे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार गांव जिड़ाना निवासी जब्बार की पत्नी आयशा का 200 रुपये को लेकर अपने जेठ पक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान जेठ और उसके बेटे ने महिला के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में महिला को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।
मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।