
अस्पताल ने दी बड़ी राहत, ARS इंजेक्शन की सुविधा शुरू, 55 वर्षीय महिला को लगा पहला टीका
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला । आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों के बीच कांधला और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब कुत्ते के काटने से गंभीर रूप से घायल होने वाले मरीजों को एंटी रेबीज सीरम (ARS) इंजेक्शन लगवाने के लिए दिल्ली के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ARS इंजेक्शन की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और समय पर उपचार मिल सकेगा।अब तक स्थिति यह थी कि आवारा कुत्ते के हमले में जिन लोगों को गहरे घाव हो जाते थे, उन्हें ARS इंजेक्शन लगवाने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था। लंबी दूरी तय करने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं था। लेकिन अब कांधला सीएचसी में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
सीएचसी में ARS इंजेक्शन की सुविधा शुरू होने के बाद गांव मखमूलपुर निवासी 55 वर्षीय केला पत्नी ओमा को पहला इंजेक्शन लगाया गया। बताया गया कि आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया था, जिससे उनके शरीर पर गहरे घाव हो गए थे। ऐसे में उन्हें ARS इंजेक्शन की जरूरत पड़ी। नई सुविधा शुरू होने के बाद उन्हें कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही इंजेक्शन लगाया गया।कांधला सीएचसी में यह सुविधा शुरू होने से कांधला कस्बे के साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। अब कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल मरीजों को ARS इंजेक्शन के लिए दूर-दराज के अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा उपलब्ध होना स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र पर शुरू हुई यह सुविधा लोगों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है। हालांकि, कुत्ते के काटने पर मरीज को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए और चिकित्सक की सलाह के अनुसार एंटी रेबीज वैक्सीन, सीरम तथा अन्य जरूरी उपचार कराना चाहिए।