
बंदरों और कुत्तों के आतंक के खिलाफ ग्रामीणों में रोष, दो मासूम घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक मासूम बच्चों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। बुधवार को अलग-अलग गांवों में स्कूल जा रहे पांचवीं कक्षा के दो बच्चों पर बंदरों और कुत्ते ने हमला कर दिया। दोनों बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटनाओं के बाद ग्रामीणों में बंदरों और आवारा कुत्तों के खिलाफ भारी रोष है।पहली घटना गांव गंगेरू की है। यहां पांचवीं कक्षा की एक छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बंदरों के झुंड ने उसे घेरकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में छात्रा घायल हो गई।वहीं, दूसरी घटना गांव भभीसा में हुई। यहां निवासी कासिम का पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा सारुन स्कूल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में छात्र घायल हो गया।
दोनों घायल बच्चों को कांधला सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार कर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए।लगातार हो रहे हमलों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड और आवारा कुत्तों के कारण बच्चों का घर से निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से बंदरों और आवारा कुत्तों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें पकड़वाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।