
इकरा पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती और शास्त्री जयंती मनाई
रिपोर्ट मरगूब नवाज़ तुर्क
खाईखेड़ा। विकासखंड मोरना के ग्राम खाईखेड़ा स्थित इकरा पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक मास्टर मौ. अहसान तथा प्रधानाचार्या श्रीमती अजम भारा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्या ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, सादगी, ईमानदारी एवं देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, अहिंसा, अनुशासन और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘बापू और लाल’ विषय पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय का माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से सभी बच्चों को बताशे का प्रसाद वितरित किया गया।