
25-30 की भीड़, दुकान में तोड़फोड़ और हंगामा… अब चार आरोपी जेल में
..
25-30 लोगों के बवाल से मचा था हड़कंप, तोड़फोड़-माकपाड़, फायरिंग और कब्जे के प्रयास के आरोप; जाहिद समेत चार गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। रेलवे रोड स्थित दूध-दही की दुकान में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कार्रवाई का डंडा चला दिया है। दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने, सामान सड़क पर फेंकने, मारपीट, फायरिंग और दुकान पर कब्जे के प्रयास के आरोपों के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे जाहिद समेत शकील, फरमान और नदीम को गिरफ्तार कर लिया। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।मामले के अनुसार, रेलवे रोड निवासी विनय बालियान ने गुरुवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पूर्वी यमुना नहर के पास उनकी दूध-दही की दुकान है। वह दुकान बंद कर घर चले गए थे, जबकि उनका सहयोगी मोहित शर्मा दुकान पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान जाहिद, नूरुद्दीन और गुलजार समेत करीब 25-30 महिला-पुरुषों की भीड़ दुकान में घुस आई।आरोप है कि भीड़ ने दुकान में घुसते ही जमकर बवाल काटा और मोहित शर्मा के साथ मारपीट की। तहरीर में उसके गले में फंदा डालने, सिर पर तमंचे की बट से वार करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।इसके बाद दुकान में कथित तौर पर तोड़फोड़ का तांडव मच गया। फर्नीचर, शीशे के गेट, कुर्सियां, सोफे और डीप फ्रिज को क्षतिग्रस्त करने का आरोप है। इतना ही नहीं, दुकान का सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया गया। दुकान संचालक ने दुकानदारी से जमा करीब एक लाख रुपये गायब होने का आरोप भी लगाया था।घटना की सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। पुलिस ने मामले में जाहिद, शकील, फरमान और नदीम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।वहीं, पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की कार्रवाई से घटना में शामिल अन्य आरोपियों में भी खलबली मची हुई है।