
15 हजार एडवांस लेकर कारीगर गायब! काम पर नहीं आया तो रुपये मांगने पहुंचे पेंटर को धमकी देने का आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कारीगरी के काम के लिए 15 हजार रुपये एडवांस लेने के बाद काम पर न आने और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पेंटर ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोहल्ला मौलानान निवासी रिजवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पेंटिंग का काम करता है। उसके मोहल्ले का शाहनवाज पुत्र बाबू अहमद उसके पास कारीगरी का काम करने के लिए आया था। आरोप है कि काम करने के लिए शाहनवाज ने उससे 15 हजार रुपये एडवांस ले लिए, लेकिन रकम हाथ में आते ही काम पर आने से दूरी बना ली।कई दिन तक इंतजार करने के बाद जब रिजवान अपने रुपये वापस मांगने शाहनवाज के घर पहुंचा तो आरोप है कि वहां मामला गरमा गया। पीड़ित के मुताबिक, शाहनवाज ने उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी, साथ ही रुपये लौटाने से भी इनकार कर दिया।मामले के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कराने, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और उसकी 15 हजार रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।