दुकान में घुसी भीड़, जमकर तोड़फोड़! 3 नामजद समेत 30 पर केस

 

* दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, सामान सड़क पर फेंका; एक लाख रुपये गायब होने का भी दावा, सीसीटीवी फुटेज से खुलेंगे राज

*

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। रेलवे रोड पर पूर्वी यमुना नहर के पास स्थित दूध-दही की दुकान में अचानक महिला-पुरुषों की भीड़ के पहुंचने से हड़कंप मच गया। दुकान में घुसकर कथित तौर पर मारपीट, तोड़फोड़ और सामान सड़क पर फेंकने के मामले में पुलिस ने जाहिद, नूरुद्दीन और गुलजार समेत 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।दुकान संचालक विनय बालियान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को वह दुकान का काम निपटाकर घर चले गए थे। दुकान पर उनका सहयोगी मोहित शर्मा मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान 25-30 महिला-पुरुष अचानक दुकान पर पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर हंगामा शुरू कर दिया।आरोप है कि भीड़ ने मोहित शर्मा के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उसके गले में फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास करने, सिर पर तमंचे की बट से हमला करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के भी आरोप लगाए गए हैं।इसके बाद दुकान में कथित तौर पर जमकर तोड़फोड़ की गई। फर्नीचर, शीशे के गेट, कुर्सियां, सोफे और डीप फ्रिज समेत कई सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। आरोपियों पर दुकान का सामान उठाकर सड़क पर फेंकने का भी आरोप है। अचानक हुए इस बवाल से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।विनय बालियान ने दुकानदारी से जमा करीब एक लाख रुपये गायब होने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दुकान को लेकर आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!