दुकान पर कब्जे की कोशिश या सरेराह तांडव? 25-30 लोगों के धावे से मचा हड़कंप

 

* दुकान में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और करीब एक लाख रुपये ले जाने का आरोप; सहयोगी पर जानलेवा हमला करने का भी दावा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। रेलवे रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर के पास गुरुवार को दुकान को लेकर अचानक ऐसा बवाल मचा कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान मालिक ने 25-30 महिला-पुरुषों पर एक साथ दुकान में धावा बोलने, तोड़फोड़ करने, मारपीट करने और दुकान का सामान सड़क पर फेंकने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, दुकान से करीब एक लाख रुपये की नकदी ले जाने और दुकान पर मौजूद सहयोगी को जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।रेलवे रोड निवासी विनय बालियान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पूर्वी यमुना नहर के पास दूध-दही आदि की बिक्री का कार्य करता है। गुरुवार सुबह काम खत्म होने के बाद वह किसी काम से घर चला गया था। उस समय उसका सहयोगी मोहित शर्मा दुकान पर मौजूद था।

विनय के मुताबिक, इसी दौरान मोहल्ला खेल निवासी गुलजार और नूरदीन पुत्र मेहरदीन कथित तौर पर करीब 25-30 महिला-पुरुषों को साथ लेकर दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने दुकान में घुसते ही मोहित शर्मा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मोहित के गले में फंदा डाल दिया गया और उसके सिर पर तमंचे की बट से वार किया गया। इतना ही नहीं, पीड़ित पक्ष ने जान से मारने की नीयत से फायर किए जाने का भी आरोप लगाया है। घटना के इन आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।आरोप है कि इसके बाद दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई। फर्नीचर, शीशे के गेट, कुर्सियां, सोफे, डीप फ्रिज समेत अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दुकान का सामान उठाकर सड़क पर फेंकने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।दुकान मालिक का आरोप है कि दुकानदारी के दौरान जमा करीब एक लाख रुपये की नकदी भी हमलावर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए विनय बालियान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुलजार और नूरदीन पक्ष के साथ उसका पहले से विवाद चल रहा है, जो सिविल जज (जूनियर डिवीजन), कैराना के न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। तहरीर में वाद संख्या 207/2026 और रजिस्ट्री संख्या 130/2026 का भी उल्लेख किया गया है।विनय का आरोप है कि इसी पुराने विवाद के चलते उसकी दुकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है और इसी कथित मंशा के तहत दुकान पर भीड़ के साथ हमला किया गया।दुकान मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर दुकान में घुसकर कथित तोड़फोड़, लूट,और सहयोगी पर जानलेवा हमला करने के आरोपों में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। घटना के बाद से रेलवे रोड और आसपास के क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

…..

कांधला नगर के रेलवे रोड पर विनय बालियान के दुकान पर किए गए हमले, तोडफोड व बलवे की घटना आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ वहां मौजूद कुछ युवकों के द्वारा अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में महिलाएं व पुरूष गाली देने के साथ – साथ दुकान का फर्नीचर तोडफोड बाहर सडक पर डालते हुए साफ नजर आ रहे है। सोशल मीडिया पर वायलर वीडियों में हमला करने वालों की दबंगता चर्चा का विषय बनी हुई है।

error: Content is protected !!