अल्फाज़ में धार, अंदाज में दम! कांधला के डॉ. जुनेद अख्तर की शायरी ने मचाई धूम

 

‘कविवार-वार पलटवार’ में शायरी के जरिए सियासी वार-पलटवार, तीखे तंज से गूंजा मंच

 

सादिक सिद्दीकी

 

कांधला। जब अल्फाज़ में धार हो और अंदाज में दम, तो आवाज़ दूर तक जाती है। कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है कांधला की मिट्टी से निकली शायरी जब नोएडा के बड़े मंच पर पहुंची तो खूब रंग जमा। कस्बे के मशहूर शायर डॉ. जुनेद अख्तर ने नोएडा सेक्टर-16 मे एक कार्यक्रम ‘कविवार-वार पलटवार’ में अपनी दमदार काव्य प्रस्तुति से खासा ध्यान खींचा। 24 सितंबर को रिकॉर्ड किए गए कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।कार्यक्रम में ‘यूपी में चुनाव गठबंधन में तनाव’ विषय पर काव्य डिबेट रखी गई थी। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे चार शायर-कवियों ने कविता और शायरी के जरिए पक्ष-विपक्ष के तर्क रखे। डॉ. जुनेद अख्तर और गाजियाबाद के स्वदेश यादव विपक्ष की ओर से, जबकि मैनपुरी के मनोज चौहान और बिहार की स्वाति तिवारी पक्ष की ओर से शामिल हुए।

मंच पर जैसे ही डॉ. जुनेद अख्तर ने माइक संभाला, उनके शायराना अंदाज ने माहौल में गर्मी ला दी। उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर सीधे भाषण के बजाय शेरों के जरिए तंज और सवालों की बौछार कर दी।

 

*उन्होंने कहा*

“भाजपाई सुनो, अंध भक्तो सुनो,बेसबब मुस्कुराने से क्या फ़ायदा। दर्द यूपी का दिल में जो रहने लगा, साफ़ कह दो छुपाने से क्या फ़ायदा।”

*इसके बाद उन्होंने गठबंधन को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर भी शायराना पलटवार किया*

“चिंता अखिलेश राहुल की करते हो क्यूं, बस चवन्नी पे नज़रें जमाए रखो। उनकी आपस की बातें सुलझ जाएंगी, आपके दिल जलाने से क्या फ़ायदा।”

डॉ. जुनेद अख्तर यहीं नहीं रुके। अपनी प्रस्तुति को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने सत्ता और राजनीति पर भी तंज कसा

“तुम न मस्जिद के हो, और न मंदिर के हो, ख़ुद ग़रज़ हो फ़क़त अपनी कुर्सी के हो…”

इसके बाद उनकी शायरी की धार और तेज होती गई और उन्होंने कहा

“तुम हो सौ बार के आज़माए हुए,अब तुम्हें आज़माने से क्या फ़ायदा।”

आखिर में उन्होंने अपने अंदाज में बात को विराम देते हुए कहा

“दोस्ती का तो तुम में सलीक़ा न था,दुश्मनी के भी क़ाबिल नहीं आप तो।

छोड़िए ख़त्म कीजे यहीं बात को,बात आगे बढ़ाने से क्या फ़ायदा।”

 

डॉ. जुनेद अख्तर की प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कांधला के लोग अपने शहर के शायर की इस दमदार प्रस्तुति को बड़े मंच पर कांधला की साहित्यिक पहचान से जोड़कर देख रहे हैं।कुल मिलाकर, नोएडा का मंच रहा हो या सोशल मीडिया की दुनिया डॉ. जुनेद अख्तर की शायरी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब उनकी काव्य प्रस्तुति का वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और कांधला के इस शायर का नाम एक बार फिर शायरी के मंच से सुर्खियों में है।

error: Content is protected !!