
एमएसपी से रोजगार तक उठेंगे किसानों के सवाल, 3 अक्टूबर को गंगेरू से यात्रा
* किसानों के मुद्दों को लेकर गंगेरू से बजेगा हक की हुंकार का बिगुल, 3 अक्टूबर को निकलेगी किसान अधिकार यात्रा
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। किसान अधिकार यात्रा को लेकर गांव गंगेरू में कांग्रेस नेता एवं यात्रा के जिला संयोजक आलम चौधरी गुर्जर ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की। बैठक में यात्रा के रूट, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
आलम चौधरी ने बताया कि 3 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे गंगेरू गांव से किसान अधिकार यात्रा का आगाज होगा। यात्रा गंगेरू से शुरू होकर गढ़ी दौलत, अंबेहटा, जिडाना, हाजीपुर, दुगड्डा, मलकपुर और गुजरपुर होते हुए खंद्रावली हाईवे पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से किसानों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। एमएसपी की कानूनी गारंटी, फसलों का उचित मूल्य, सिंचाई की व्यवस्था, पर्याप्त बिजली और खाद की उपलब्धता, किसानों की जमीनों की सुरक्षा तथा उचित सर्किल रेट जैसे मुद्दे यात्रा के केंद्र में रहेंगे।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और युवाओं के रोजगार से जुड़े सवालों को भी उठाया जाएगा। बैठक में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा सरकार की जवाबदेही जैसे मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा हुई।
कांग्रेस नेता ने कार्यकर्ताओं से यात्रा को लेकर गांव-गांव संपर्क करने और किसानों तक उनके मुद्दों की आवाज पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर सक्रियता दिखाई दी।
इस अवसर पर सरवर अंसारी, यामीन मलिक, इरफान, इजरायल, मेहताब, वसीम, मुनीम, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।