खाईखेड़ा से तेवड़ा तक भाटी की दस्तक, ढोल-नगाड़ों के बीच जोरदार स्वागत

 

जनसंपर्क में जुटे ग्रामीण और युवा, मुशायरे में विभिन्न समाज के लोगों ने की शिरकत

मरगूब नवाज़

ककरौली। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधानसभा प्रभारी रविंदर सिंह भाटी ने खाईखेड़ा और तेवड़ा गांव में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। खाईखेड़ा पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद भाटी ने तेवड़ा गांव में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की।

तेवड़ा में जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा उनके साथ नजर आए। इसके बाद रविंदर भाटी अंसारी मस्जिद के पास आयोजित मुशायरे में पहुंचे, जहां लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। मुशायरे में झोजा बिरादरी समेत दलित, पाल, अंसारी और कुरैशी समाज के लोगों ने भी शिरकत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंदर सिंह भाटी ने कहा कि आजाद समाज पार्टी गरीब, मजदूर, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज उठाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, युवाओं के लिए खेल मैदान तथा गरीब परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब और मजदूर के साथ अन्याय होने पर पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जिम्मेदारों और कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से सम्मान किया गया। भीम आर्मी के जिला संगठन सचिव क़ामिल ख़ान ने युवाओं को संबोधित करते हुए आजाद समाज पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उनके संबोधन के दौरान युवाओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

इस अवसर पर शाहिद तेवड़ा, दिनेश पाल, डॉ. शाहरुख, अहसान मास्टर, इरफान, वसीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।

error: Content is protected !!