सभासद को तीन दिन में तीन बार धमकी, मिठाई के विवाद से शुरू हुआ मामला जान से मारने की धमकी तक पहुंचा!

 

* पहले पिता और भाई से गाली-गलौज, फिर बाइक सवार युवकों ने दुकान पर पहुंचकर दी धमकी; लगातार तीसरे दिन भी धमकाने का आरोप, सभासद गौरव सैनी उर्फ यशू ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर पालिका परिषद के निर्वाचित सभासद गौरव सैनी उर्फ यशू को लगातार तीन दिनों से मिल रही कथित धमकियों ने उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। महज आधा किलो मिठाई खरीदने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है। सभासद का आरोप है कि तीन दिनों में अलग-अलग युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और उन्हें धमकाकर फरार हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से सभासद और उनके परिजनों में भय का माहौल है। पीड़ित ने थाना प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों की पहचान, सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद के निर्वाचित सभासद गौरव सैनी उर्फ यशू की मिठाई की दुकान पर 27 सितंबर की रात कार सवार दो युवक पहुंचे थे। दोनों युवकों ने दुकान से करीब आधा किलो मिठाई खरीदी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि युवकों ने सभासद के पिता राजेश सैनी और उनके छोटे भाई के साथ अभद्रता करते हुए जमकर गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर मामला निपटा दिया। सभासद ने इसे मामूली विवाद समझकर उस समय कोई लिखित शिकायत नहीं की।

लेकिन मामला शांत होने के बजाय अगले ही दिन फिर गरमा गया। सभासद के मुताबिक, 28 सितंबर की रात बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर चले गए। एक दिन पहले हुए विवाद के बाद दोबारा युवकों के दुकान पर पहुंचने से परिवार की चिंता बढ़ गई।

सभासद का आरोप है कि धमकियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। 29 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे एक बार फिर बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान के सामने आ धमके। आरोप है कि युवकों ने बाइक रोककर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। लगातार तीसरे दिन हुई इस घटना ने सभासद और उनके परिवार की चिंता और बढ़ा दी।

तीन दिनों के भीतर बार-बार दुकान पर पहुंचकर धमकियां देने की घटनाओं को सभासद ने गंभीर बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि धमकी देने वाले युवक भविष्य में उनके अथवा परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।

 

सभासद गौरव सैनी ने थाना प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि 27 से 29 सितंबर तक कैराना बस स्टैंड और उनकी दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए। उनका कहना है कि कैमरों में कैद तस्वीरों और वाहनों की मदद से धमकी देने वाले युवकों की पहचान की जा सकती है।

 

*[बॉक्स]*….

अब सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज, कौन हैं सभासद को धमकाने वाले युवक?

लगातार तीन दिनों में हुई घटनाओं के बाद अब पुलिस की जांच पर सभासद और उनके परिवार की निगाहें टिकी हैं। सवाल यह है कि मिठाई के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर लगातार धमकियों तक कैसे पहुंच गया? क्या तीनों दिनों की घटनाओं में कोई संबंध है या अलग-अलग युवकों ने अलग-अलग कारणों से सभासद को धमकाया? इन सवालों के जवाब आरोपियों की पहचान और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

फिलहाल पीड़ित सभासद ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

error: Content is protected !!