न ओटीपी दिया, न पिन बताया, फिर भी खाते से उड़ गए 50 हजार!

 

* *कांधला में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला, अलग-अलग खातों में पहुंचाई रकम; 9,800 रुपये लौटे, 40,500 रुपये का लगा झटका*

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला साइबर ठगों का जाल अब इतना फैल चुका है कि बैंक खाताधारकों को भनक तक नहीं लगती और उनके खाते से हजारों रुपये गायब हो जाते हैं। कांधला में साइबर ठगी का एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति के बैंक खाते को निशाना बनाकर साइबर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से 50,300 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित को जब खाते से रकम निकलने का पता चला तो उसके होश उड़ गए। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि 9,800 रुपये खाते में वापस आ गए, लेकिन 40,500 रुपये की रकम अब भी वापस नहीं मिली है।पीड़ित के अनुसार, 13 नवंबर का दिन उसके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। दोपहर 3:26 बजे से शाम 4:10 बजे के बीच उसके बैंक खाते में यूपीआई के जरिए एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन हुए। खास बात यह रही कि पीड़ित को इन लेनदेन की भनक तक नहीं लगी। जब खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली तो उसने बैंक खाते की जांच की, जिसमें 50,300 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर होने की बात सामने आई।पीड़ित का दावा है कि उसने किसी भी व्यक्ति को अपना यूपीआई पिन या ओटीपी नहीं बताया था। न ही उसने किसी अनजान लिंक पर क्लिक कर कोई लेनदेन किया था। इसके बावजूद खाते से रकम निकल जाना उसके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन वहां से उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला।इसके बाद पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट सहित बुधवार को पुलिस के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दी। उसने पुलिस से साइबर ठगी करने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शेष 40,500 रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

 

*साइबर पुलिस कर रही पड़ताल*

साइबर पुलिस कर्मचारी सोनबीर सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बहरहाल, इस घटना ने एक बार फिर बैंक खातों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित को अब पुलिस की जांच से उम्मीद है कि उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकेगी।

error: Content is protected !!