
स्वास्थ्य विभाग की बैठक में सख्त हुए चिकित्सा अधीक्षक, योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
* पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश, आयुष्मान कार्ड से लेकर बच्चों के टीकाकरण तक की हुई समीक्षा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के कोविड हॉल में स्वास्थ्य विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति से लेकर बच्चों के नियमित टीकाकरण और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जाने वाले एचपीवी (HPV) टीके तक पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजत चौहान ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं को कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामली के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजत चौहान ने की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल मरीजों का उपचार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) टीका लगाने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. चौहान ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र किशोरियों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए और टीकाकरण अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाया जाए।इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने और आभा (ABHA) आईडी तैयार करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सैम (SAM) श्रेणी के बच्चों की स्क्रीनिंग कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ई-कवच पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। साथ ही शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का निर्धारित समय पर नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने और यू-विन पोर्टल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।चिकित्सा अधीक्षक ने कर्मचारियों को दो टूक कहा कि सभी अपने-अपने कार्यों की जिम्मेदारी समझें और स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतारने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। योजनाओं की निगरानी और लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाने में गंभीरता दिखाने की जरूरत है।बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती रेखा देवी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक तोहिद, हेल्थ सुपरवाइजर, महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सहित सभी एएनएम मौजूद रहीं।