दहेज की खातिर विवाहिता को किया बेघर! इंसाफ की आस में परिजनों संग थाने पहुंची

 

* पति और ससुर पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, मायके पहुंची पीड़िता ने परिजनों संग थाने में दी तहरीर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला,। दहेज की मांग ने एक बार फिर वैवाहिक रिश्ते को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। सात साल पहले जिस विवाहिता ने नए सपनों के साथ ससुराल में कदम रखा था, आज वही अपने साथ हुई कथित प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी विवाहिता आयसा ने अपने पति और ससुर पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत से मामला चर्चा में आ गया है।आयसा पुत्री दिलशाद के मुताबिक, उसकी शादी करीब सात साल पहले बागपत जनपद के एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। विवाहिता का कहना है कि उसने काफी समय तक परिस्थितियों से समझौता करने की कोशिश की, लेकिन ससुराल में कथित उत्पीड़न कम होने के बजाय बढ़ता चला गया।पीड़िता ने अपने ससुर पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुर ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। ससुराल से निकाले जाने के बाद विवाहिता अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई।

 

*न्याय की आस में थाने पहुंची विवाहिता*

 

सोमवार को आयसा अपने परिजनों के साथ कांधला थाने पहुंची और पति व ससुर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

 

*इन्होने कहा*

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!