सहारनपुर। अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा में आयोजित प्रतिष्ठित World Police & Fire Games 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस की वीरांगना महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने अपने कौशल और समर्पण से भारत का नाम ऊँचा किया है। सहारनपुर पुलिस लाइन में तैनात रिया वर्मा ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से न केवल सहारनपुर पुलिस बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश पुलिस बल का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
27 जून से 6 जुलाई 2025 तक चले इस प्रतिष्ठित आयोजन में दुनियाभर के पुलिसकर्मी और फायर सर्विस अधिकारी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। इनमें रिया वर्मा का प्रदर्शन भारत के लिए विशेष गर्व का क्षण रहा। उनका कठिन परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल उनके समर्पण की मिसाल बना।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह समर्पण, परिश्रम और कौशल से पुलिस विभाग व जनपद सहारनपुर का मान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
रिया वर्मा की यह सफलता पुलिस विभाग के अन्य कार्मिकों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनका पराक्रम यह सिद्ध करता है कि नारी शक्ति संकल्प और मेहनत से विश्वमंच पर भी अपनी पहचान बना सकती है।