IMG-20251201-WA0050

 

कैराना। मानवता की मिसाल पेश करते हुए कैराना पुलिस ने सोमवार को एक महिला की जान बचाकर बड़ा हादसा होने से रोक लिया। जानकारी के अनुसार, यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना ब्रिज पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक महिला को परेशान हालत में यमुना नदी की ओर जाते हुए देखा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने महिला को रोका और पूछताछ की।

पुछताछ में महिला ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान है और यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या करना चाहती है। पुलिसकर्मियों ने तुरंत समझदारी का परिचय देते हुए महिला को शांत करवाया और चौकी में बैठाया। इसके बाद घटना की सूचना कोतवाली परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र को दी गई। सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंची और महिला की काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के दौरान महिला ने अपना नाम आशमा बताया, जो कैराना कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर की रहने वाली है। मिशन शक्ति टीम व स्थानीय पुलिस ने परिवार से संपर्क कर महिला को सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कैराना पुलिस ने इस दौरान न केवल त्वरित निर्णय क्षमता दिखाई, बल्कि मानवता का भी परिचय दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक जीवन बच गया।

 

error: Content is protected !!