
शाम ढलते ही खाकी का एक्शन, सड़कों पर उतरे थानाध्यक्ष बच्चू सिंह!
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। शाम ढलते ही कांधला की सड़कों पर खाकी का पहरा दिखाई देने लगा। बाजारों में चहल-पहल के बीच अचानक पुलिस की टीम सड़कों पर उतरी तो लोगों की निगाहें पुलिसकर्मियों पर टिक गईं। थानाध्यक्ष बच्चू सिंह ने एसएसआई मुनेंद्र सिंह और पुलिस टीम के साथ कस्बे में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रियता से बाजारों से लेकर मुख्य चौराहों तक हलचल देखने को मिली।पैदल मार्च के दौरान थानाध्यक्ष बच्चू सिंह खुद पुलिसकर्मियों के साथ पैदल चलते नजर आए। पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।शाम के समय बाजारों में बढ़ती आवाजाही और लोगों की चहल-पहल को देखते हुए पुलिस की गश्त को भी अहम माना जा रहा है। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि कस्बे में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हुड़दंग करने वालों, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।थानाध्यक्ष बच्चू सिंह ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस की इस पैदल गश्त के जरिए आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ असामाजिक तत्वों को भी कानून का एहसास कराया गया।कांधला की सड़कों पर शाम के वक्त पुलिस की इस सक्रियता ने साफ कर दिया कि कस्बे में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।