
खाकी के हाथों संवर उठा भोलेनाथ का दरबार, कांधला थाने में भव्य भंडारे का आयोजन
कांधला थाना परिसर में मंगलवार को भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। वर्षों से अधूरे पड़े प्राचीन शिव मंदिर का आखिरकार नवीनीकरण और भव्य सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो गया। मंदिर को नया और आकर्षक स्वरूप मिलने के बाद धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान हवन-पूजन और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों, पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे से शुरू हुए भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। थाना परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के नए और आकर्षक स्वरूप को देखकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया।इस धार्मिक आयोजन में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी शिरकत की। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत सिंह कांधला थाने पहुंचे। अधिकारियों ने नवनिर्मित एवं सौंदर्यीकृत शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही देश और क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद अधिकारियों ने मंदिर समिति के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
*थाना प्रभारी बच्चू सिंह की पहल बनी चर्चा का विषय*
इस पूरे आयोजन में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह की भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही। बताया गया कि थाना परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर कई वर्षों से अधूरा पड़ा था। थाना प्रभारी बच्चू सिंह के नेतृत्व में मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की पहल की गई, जिसके बाद मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया।उनकी इस पहल को पुलिस की सामाजिक और धार्मिक जिम्मेदारी से जुड़ी एक सराहनीय कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी मंदिर के नवीनीकरण कार्य की प्रशंसा की।थाना परिसर में बने इस प्राचीन शिव मंदिर को नया स्वरूप मिलने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। धार्मिक आयोजन ने पुलिस और आमजन के बीच आपसी सौहार्द एवं सामाजिक जुड़ाव की एक खूबसूरत तस्वीर भी पेश की। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ कमाया।