नौकरी हो या पढ़ाई, हर किसी की राह में रोड़ा बनी बसों की कमी, यात्रियों ने लगाई गुहार

 

 

कांधला-बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर मार्ग पर रोडवेज बसों की कमी यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। हालात यह हैं कि सुबह करीब सात बजे एक रोडवेज बस आने के बाद यात्रियों को दूसरी बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। बसों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों का सहारा लेकर सफर करना पड़ रहा है। अब सवाल यह है कि आखिर परिवहन विभाग की नजर इस गंभीर समस्या पर कब पड़ेगी?कांधला और मुजफ्फरनगर के बीच प्रतिदिन सैकड़ों लोग नौकरी, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। इतना ही नहीं, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी मुजफ्फरनगर के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में पढ़ाई करने जाते हैं। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। यात्रियों की संख्या लगातार बनी हुई है, लेकिन बसों की संख्या देखकर ऐसा लगता है जैसे विभाग ने इस मार्ग को अपनी प्राथमिकता से बाहर कर दिया हो।बसों की कमी का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सुबह समय पर बस नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों की कक्षाएं छूट जाती हैं, तो नौकरी करने वाले लोगों को अपने कार्यस्थल पर पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ता है। कई बार यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों या ई-रिक्शा में सफर करना पड़ता है। ऐसे में रोजाना आने-जाने वाले लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।

 

*ई-रिक्शा में जोखिम भरा सफर, क्षमता से अधिक सवारियां*

 

रोडवेज बसों की कमी के चलते ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इनमें स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल होते हैं। लंबी दूरी तक ई-रिक्शा से सफर करना यात्रियों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। वहीं कुछ यात्रियों ने चालकों पर मनमाना किराया वसूलने की शिकायत भी की है। ऐसे में यात्रियों के सामने एक तरफ समय पर मंजिल तक पहुंचने की मजबूरी है, तो दूसरी तरफ सुरक्षित सफर का सवाल भी खड़ा है।

 

*सुबह की बस के बाद यात्रियों को करना पड़ता है इंतजार*

 

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सुबह करीब सात बजे इस मार्ग पर एक रोडवेज बस आती है, लेकिन इसके बाद मुजफ्फरनगर से कांधला की ओर आने-जाने के लिए बसों की उपलब्धता बेहद कम रहती है। खासकर सुबह स्कूल-कॉलेज खुलने और दोपहर में छुट्टी के समय यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में बसों की व्यवस्था नहीं होने से छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

*अतिरिक्त बसें चलाने और समय-सारिणी तय करने की मांग*

 

स्थानीय नागरिक एडवोकेट सचिन गोयल, व्यापारी ईश्वर दयाल कंसल तथा मुजफ्फरनगर के विभिन्न कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र राजीव, नवीन और रुचि ने परिवहन विभाग से इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कांधला-बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर मार्ग पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही बसों के संचालन के लिए नियमित समय-सारिणी निर्धारित होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को घंटों सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार न करना पड़े।उन्होंने मांग की कि सुबह स्कूल-कॉलेज खुलने के समय और दोपहर में छुट्टी के दौरान विशेष रूप से अतिरिक्त बसें चलाई जाएं। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और नौकरीपेशा लोगों तथा व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।अब देखना यह होगा कि परिवहन विभाग और जनप्रतिनिधि यात्रियों की इस परेशानी को कितनी गंभीरता से लेते हैं। आखिर रोजाना सफर करने वाले लोगों को बसों की सुविधा मिलेगी या फिर उन्हें इसी तरह ई-रिक्शा के भरोसे जोखिम भरा सफर करने को मजबूर रहना पड़ेगा?

error: Content is protected !!