पैसों के लेनदेन पर बवाल, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला

 

 

कांधला। थाना क्षेत्र की नई बस्ती बिजली घर मार्ग पर उधारी के लाखों रुपये मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज पड़ोसी ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, नई बस्ती बिजली घर मार्ग निवासी असलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले सालिम पर उसके लाखों रुपये उधार हैं। आरोप है कि सालिम पिछले कई वर्षों से रकम वापस करने का वादा करता आ रहा था, लेकिन रुपये लौटाने के नाम पर लगातार टालमटोल कर रहा था।मंगलवार को जब असलम ने अपने उधार दिए रुपये वापस मांगे तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सालिम अपने कई साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर असलम के घर में घुस आया। इसके बाद हमलावरों ने असलम और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में असलम का छोटा भाई मोईन गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।जांच के बाद होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!