
बचत, बीमा और पेंशन का बताया फायदा, गुज्जरपुर में वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम गुज्जरपुर में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे आयोजित इस शिविर में बैंक के आला अधिकारियों ने पहुंचकर ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, बचत, बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।शिविर में दिल्ली एलएचओ के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) ह्यूबर्ट, मेरठ प्रशासनिक कार्यालय के उप महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक मुकेश कुमार और मुख्य प्रबंधक (वित्तीय समावेशन) रामवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि बैंकिंग सेवाएं अब केवल शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों में भी डिजिटल माध्यम से आसानी से बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकता है।इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार, वित्तीय समावेशन प्रबंधक रमेश चंद गौतम और शाखा प्रबंधक आशीष कपूर ने ग्रामीणों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बैंक खाते सक्रिय रखने, बीमा सुरक्षा लेने तथा पेंशन योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।शिविर को सफल बनाने में बीसी प्रतिनिधि अंकित कुमार (जीरो मास एवं बीएलएस) के साथ सीएसपी रामबीर चौहान, साहिल चौहान, संदीप कुमार, मौसिम हसन, साद सैफी और विनीत मलिक (बीसी मनिपाल) का विशेष योगदान रहा।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और बैंक अधिकारियों से योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाकर बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना रहा।