दिल्ली में नौकरी करता रहा किसान, इधर बाग में कट गए नाशपाती के 13 पेड़

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला क्षेत्र में एक किसान के नाशपाती के बाग में अज्ञात लोगों द्वारा 13 पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। किसान के मुताबिक, उसके बाग में खड़े वर्षों पुराने नाशपाती के हरे-भरे पेड़ों को अज्ञात लोगों ने काटकर धराशायी कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान के होश उड़ गए। बाग में पहुंचे किसान को जब कटे हुए पेड़ दिखाई दिए तो उसने मामले की शिकायत कांधला थाने में पहुंचकर की। किसान ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कांधला के मोहल्ला खेल निवासी मोहम्मद आफताब पुत्र अकील बैग का गंगेरू रोड पर नाशपाती का बाग है। बताया गया है कि मोहम्मद आफताब दिल्ली में नौकरी करते हैं। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बाग में खड़े नाशपाती के पेड़ों को किसी ने काट दिया है। सूचना मिलते ही वह अपना काम छोड़कर बाग पहुंचे, जहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बाग में खड़े करीब 13 नाशपाती के पेड़ कटे हुए मिले।किसान का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उसके बाग में घुसकर पेड़ों को काट दिया। पेड़ों की कटाई से उसे आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। किसान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

वहीं, एक साथ 13 पेड़ों के काटे जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पेड़ों को किसने और किस वजह से काटा है।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि किसान की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!