
बेटी के साथ मारपीट और उत्पीड़न का आरोप, बेटी को लेकर थाने पहुंचा पिता
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। बेटी की शादी के बाद ससुराल में सब कुछ ठीक चलने की उम्मीद लगाए बैठे एक परिवार ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। शामली जनपद के जलालपुर गांव निवासी एक दंपति ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर मारपीट करने, परेशान करने और लगातार उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पिता अपनी बेटी और पत्नी के साथ कांधला थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पिता सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी बीती 8 जुलाई को कांधला कस्बे के मोहल्ला रायजादगान निवासी एक युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। शादी के दौरान उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक बेटी को विदा किया था, लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में बेटी को परेशान किया जाने लगा।
सुभाष का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट की जाती है और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले का विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे डाली।
बेटी के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न से परेशान होकर आखिरकार माता-पिता अपनी बेटी को लेकर कांधला थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए लिखित शिकायत सौंपी और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांधला थाना प्रभारी निरक्षक बच्चू सिंह ने बताया की शिकायत के आधार पर जाँच की जा रही हे जाँच के बाद नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी