
शिक्षा-रोजगार पर उठे सवाल, संगठन विस्तार के साथ मंच ने दिखाई नई ताकत
…..
* शिक्षा, रोजगार और पिछड़ों की भागीदारी पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान, कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
…
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। सामाजिक न्याय की लड़ाई के बाद अब आर्थिक न्याय के मुद्दे पर भी भारतीय अल्पसंख्यक राजनीतिक चेतना मंच ने मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। शिक्षा, रोजगार और बराबरी के अवसरों को लेकर संगठन अब अपनी आवाज और बुलंद करेगा। रविवार को कांधला के मोहल्ला शेखजादगान में इरफान तुर्की के आवास पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन ने आगामी रणनीति तैयार करते हुए कई अहम फैसले लिए। सम्मेलन में जहां समाज के पिछड़े और कमजोर वर्गों के अधिकारों को लेकर हुंकार भरी गई, वहीं संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. सुनील ने की, जबकि संचालन अजमल बेग ने किया। संगठन के संयोजक शकैब जावेद अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि मंच वर्ष 2000 से सामाजिक और राजनीतिक चेतना जगाने का काम कर रहा है। पिछले 26 वर्षों से संगठन वंचित, कमजोर और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आ रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब संघर्ष केवल सामाजिक सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आर्थिक न्याय, रोजगार और बराबरी के अवसरों को लेकर भी आवाज बुलंद की जाएगी।शकैब जावेद अख्तर ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि शैक्षिक पिछड़ापन समाज की तरक्की में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और सरकारी नीतियों में जरूरी बदलाव समय की मांग हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कमजोर और पिछड़े वर्गों को शिक्षा तथा आर्थिक अवसरों में बराबर की हिस्सेदारी नहीं मिलेगी, तब तक विकास की तस्वीर अधूरी रहेगी।
*संगठन में नई नियुक्तियां, जिम्मेदारियों के साथ बढ़ा सियासी जोश*
कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठनात्मक विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से अजमल बेग को शामली जिला अध्यक्ष, मास्टर तैयब को जिला प्रवक्ता, जावेद खान को जिला महासचिव, मांगा खान को तहसील अध्यक्ष तथा राशिद को कांधला ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की तैयारी भी तेज करने पर जोर दिया गया।
*गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक पहुंचेगी संगठन की आवाज*
इरफान तुर्की ने सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।सम्मेलन में महताब जंग, रब्बन आलम, नदीम मुख्तार, आजम मलिक, शाहिद राणा, मास्टर अख्तर, शाहरुख, आमिर सिद्दीकी, खुर्शीद सैफी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।