
खेलते-खेलते बच्चों में हुई कहासुनी, बात बढ़ी तो पड़ोसी युवकों पर पिटाई का आरोप
* नई बस्ती में मचा हंगामा, बेटे की पिटाई से सहमी मां ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
के कांधला थाना क्षेत्र की नई बस्ती में बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर अपने बेटे के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ अपने बेटे की सुरक्षा की गुहार लगाई।
पीड़िता रेशमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा आइरिश घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाई मौके पर पहुंच गए। महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी।
रेशमा का आरोप है कि मारपीट के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। दोनों युवक उसके बेटे को लगातार धमका रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। घटना के बाद बच्चा काफी डरा-सहमा हुआ है। महिला का कहना है कि उसने विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसने अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।