
17 साल की शादी के बाद दहेज को लेकर बवाल, पति-जेठ पर गंभीर आरोप
* पति और जेठ पर शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना के साथ भाई को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति और जेठ पर दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर लगातार उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दोनों आरोपी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, महिला को सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़िता ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब 17 वर्ष पूर्व हुई थी। वह चार बच्चों की मां है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाता रहा, लेकिन अब उसके पति और जेठ द्वारा दहेज में कार की मांग को लेकर उत्पीड़न किया जा रहा है। महिला के मुताबिक, कार की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति और जेठ उसे बदनाम करने के लिए अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। महिला का यह भी आरोप है कि दोनों आरोपी उसके भाई को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। इस धमकी के बाद महिला और उसके मायके पक्ष के लोग भयभीत हैं। पीड़िता ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
महिला की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।