
ऐश्वर्यराज सिंह के नेतृत्व में संगठन होगा और मजबूत: डॉ. विक्रांत जावला
* .ऐश्वर्यराज सिंह के स्वागत में लखनऊ पहुंचा पश्चिम उत्तर प्रदेश का रालोद प्रतिनिधिमंडल, संगठन को नई मजबूती मिलने की जताई उम्मीद
सादिक सिद्दीक़ी
(शामली कांधला) लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्यराज सिंह के स्वागत के लिए पश्चिम उत्तर प्रदेश से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का बड़ा प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास जताया।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय लोकदल शामली के जिलाध्यक्ष वाजिद अली, जिला संयोजक डॉ. विक्रांत जावला, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान, अमरजीत सिंह सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्यराज सिंह का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके किसान हितैषी विचारों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।
रालोद के पूर्व क्षेत्रीय नेता योगेंद्र चेयरमैन ने कहा कि ऐश्वर्यराज सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आगामी दिनों में किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगी।
जिला संयोजक डॉ. विक्रांत जावला ने कहा कि ऐश्वर्यराज सिंह पार्टी के समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन के बाद विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश में संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करेगा।