
अज्ञात वाहन का कहर: बाइक सवार युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
* तेज़ रफ्तार का कहर! अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर, हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला-मुजफ्फरनगर सीमा पर बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान 23 वर्षीय अजय पुत्र शीशपाल, निवासी गांव राजपुर छाजपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि अजय बाइक से अपने गांव से बुढ़ाना की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कांधला-मुजफ्फरनगर सीमा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को कांधला सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली भेज दिया।
कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया, लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में घायल पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कांधला-मुजफ्फरनगर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित पुलिस गश्त और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।