कबड्डी खिलाड़ी मोनू हत्याकांड: पुलिस के शिकंजे में आया एक और आरोपी

 

* प्रेम-प्रसंग में हुई हत्या के मामले में पुलिस का शिकंजा कसता गया, अब तक कई आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल, जांच अभी भी जारी

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला/एलम। प्रेम-प्रसंग में हुई चर्चित कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ मोहना हत्याकांड में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। जांच के दौरान घटना में संलिप्त एक और आरोपी का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जो भी आरोपी सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनपद बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के गांव ककड़ीपुर निवासी सुरेंद्र सिंह के 22 वर्षीय पुत्र तथा कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ मोहना की गांव नाला के जंगलों में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक के पिता ने गांव ककड़ीपुर निवासी कार्तिक, ओमपाल, गांव नाला निवासी अर्जुन तथा गांव भारसी निवासी सत्यम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग को मुख्य कारण बताया था। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में आरोपी कार्तिक और ओमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अर्जुन और सत्यम फरार चल रहे थे। बाद में पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

इसी क्रम में विवेचना के दौरान गांव भारसी निवासी पारस का नाम भी घटना में सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान पारस की संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। मामले की गहन जांच जारी है और यदि विवेचना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस पूरे हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़कर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!