ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का बड़ा खेल बेनकाब!

 

* मोटे मुनाफे का झांसा देकर लोगों को बना रहा था शिकार, कांधला पुलिस ने आरोपी को दबोचा – भेजा जेल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला/ ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर कथित रूप से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को कांधला पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार साइबर पोर्टल पर शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति ऑनलाइन ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर उनसे धनराशि ऐंठ रहा है। शिकायत की जांच की गई तो आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद कांधला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कस्बा एलम के विकास नगर निवासी अमरीत पुत्र चंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

error: Content is protected !!