₹2 हजार के लेनदेन के विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक पर ईंट से हमला

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में दो हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी के खिलाफ कांधला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार गांव नाला निवासी संजीव के पुत्र विपिन ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसके चचेरे भाई के गांव के ही एक युवक पर ₹2 हजार बकाया थे। इसी रकम के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

विपिन ने बताया कि वह दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने और समझाने के लिए आगे बढ़ा था, लेकिन इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक ने उस पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

घायल विपिन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया और इसके बाद आरोपी के खिलाफ कांधला थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि घायल की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!