
बदलते मौसम ने बढ़ाई मुसीबत! सीएचसी में मरीजों की लंबी लाइनें, स्वास्थ्य विभाग सतर्क
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। लगातार हो रही बारिश और बदलते मौसम ने लोगों की सेहत पर सीधा हमला बोल दिया है। सोमवार को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि अस्पताल परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों की लंबी कतारें पूरे दिन उपचार के लिए लगी रहीं। छुट्टी के बाद अस्पताल खुलते ही ओपीडी मरीजों से खचाखच भर गई।
चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों खांसी, जुकाम, नजला, वायरल बुखार और मौसमी संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लगातार बारिश, उमस और मौसम में अचानक बदलाव के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अस्पताल में हर दिन मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव देखने को मिल रहा है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन 10 से 15 मरीज ऐसे आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 40 से 50 मरीज प्रतिदिन तक पहुंच गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी, जुकाम या अन्य किसी भी स्वास्थ्य समस्या को हल्के में न लें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचें।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में दूषित पानी, खुले खाद्य पदार्थ और गंदगी से दूरी बनाकर रखें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें और बीमारी के लक्षण दिखाई देते ही तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।