
उधार के रुपये मांगना पड़ा भारी, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार
* तीन साल पहले बच्चों की बीमारी का हवाला देकर लिए थे रुपये, अब न पैसा लौटाया और न स्कूटी वापस देने का आरोप।
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।कस्बे में 25 हजार रुपये के उधार को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि तीन वर्ष पूर्व परिचित युवक ने अपने बच्चों की बीमारी का हवाला देकर उससे 25 हजार रुपये उधार लिए थे। विश्वास दिलाने के लिए उसने अपनी स्कूटी भी उसके पास खड़ी कर दी थी। लेकिन तीन साल बीत जाने के बावजूद न तो उधार की रकम लौटाई गई और न ही स्कूटी वापस ली गई।
पीड़ित राजेश का कहना है कि जब भी वह अपने रुपये वापस मांगता है, आरोपी टालमटोल करने के साथ मारपीट पर उतारू हो जाता है। इतना ही नहीं, उसे यह भी आशंका है कि आरोपी द्वारा छोड़ी गई स्कूटी कहीं चोरी की न हो, जिससे भविष्य में उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लगातार हो रही कथित मारपीट और रुपये न मिलने से परेशान पीड़ित ने अपनी सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर कांधला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।