
पेड़ लगाओ, भविष्य बचाओ: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन
* मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत हुआ आयोजन, लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील।
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत ग्राम इस्लामपुर घसोली के कब्रिस्तान में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंच के मदरसा एवं उलेमा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बदरुज्जमा पठान ने किया।
कार्यक्रम के दौरान बदरुज्जमा पठान ने स्वयं पौधारोपण कर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। यदि आज पौधारोपण नहीं किया गया तो आने वाले समय में पर्यावरणीय संकट और गंभीर हो सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और युवाओं ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस दौरान सलमान, साजिद, जीशान, शहजादा, जाहिद सलमान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।