तेज़ रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, एक की हालत नाज़ुक, चालक फरार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के एलम कट के पास गुरुवार को तेज़ रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां एक युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम निवासी उस्मान और इकराम बाइक से कांधला की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे एलम कट के समीप पहुंचे, सामने से तेज़ गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक युवक की स्थिति अत्यंत नाज़ुक बनी हुई है।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में अभी तक घायलों या उनके परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर अज्ञात कार चालक के विरुद्ध नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।