तमंचे की नोक पर घर में घुसकर युवती की हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला इलयास नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 18 वर्षीय युवती की मौत का मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।

मृतका के पिता अहसान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी गुफराना बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। घर पर वह स्वयं और उनकी 18 वर्षीय बेटी हीना मौजूद थे। दोनों घर के आंगन में बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के दो युवक जबरन घर में घुस आए। एक आरोपी ने तमंचा उनकी कनपटी पर लगा दिया, जबकि दूसरा उनकी बेटी को कमरे में ले गया और कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद भारी गम और मातमी माहौल में युवती को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!