संचारी रोगों के खिलाफ पालिका की मुहिम तेज, कराया सफाई और फॉगिंग अभियान

 

* ‘डेंगू पर प्रहार, स्वच्छता का संकल्प’ रायजादगान वार्ड-1 में नगर पालिका का मेगा अभियान, घर-घर पहुंची जागरूकता टीम

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। बरसात के मौसम में तेजी से फैलने वाले डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नगर पालिका परिषद कांधला ने अभियान को और तेज कर दिया है। बुधवार को कस्बे के मोहल्ला रायजादगान, वार्ड-1 में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया, जहां पालिका की टीम ने घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

 

अभियान के दौरान मोहल्ले की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई। साथ ही एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग कर मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने का प्रयास किया गया। पालिका अधिकारियों ने लोगों से कहा कि घरों की छतों, कूलरों, गमलों, टायरों, ड्रमों और अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का सबसे बड़ा कारण बनता है।

 

पालिका टीम ने नागरिकों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढककर रखने, खुले में कूड़ा न फेंकने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपील की गई कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, खांसी, दस्त, उल्टी या अन्य संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय जांच कराएं और स्वयं दवा लेने से बचें।

 

नगर पालिका परिषद ने स्पष्ट किया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान पूरे नगर में लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि “स्वच्छ मोहल्ला ही स्वस्थ मोहल्ला है”। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखे, तो डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

error: Content is protected !!