संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने भरी जागरूकता की हुंकार, एकता-अखंडता का दिया संदेश

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे के संत गोरखनाथ विद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस बड़े ही धूमधाम, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताओं से रूबरू कराया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी रंजना मित्तल ने भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं तिलक कर किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही नागरिकों को देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की भी सीख देता है।प्रधानाचार्या ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को भारतीय संविधान के आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया प्रेरणादायक नाटक रहा। विद्यार्थियों ने ‘संविधान सर्वोपरि’ विषय पर शानदार प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। नाटक के माध्यम से संविधान की महत्ता, नागरिकों के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा समानता और न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है।

विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता की भावना विकसित करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी रंजना मित्तल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

error: Content is protected !!